रिपोर्ट : आर.के. गुप्ता

मिर्जामुराद। क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद में देवर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लच्छापुर (मिर्जामुराद) निवासी पूनम पटेल (32), पत्नी सुजीत पटेल, शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर के बाहर गेहूं सुखा रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके देवर अजीत पटेल से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अजीत ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पूनम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही अपने बड़े भाई को फोन कर इसकी जानकारी दी और खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर मौके पर बैठा रहा। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

मामले की जानकारी पर एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया।

मृतका के पति सुजीत पटेल, जो रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं, घटना की सूचना मिलते ही घर पहुंचे और पत्नी का शव देखकर बेसुध हो गए। वहीं, उनका पांच वर्षीय पुत्र हर्षवर्धन स्कूल से लौटकर घर पहुंचा तो वहां की स्थिति देखकर स्तब्ध रह गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी अजीत पटेल मृतका की बहन से शादी करना चाहता था, जिसे लेकर परिवार में पहले भी विवाद हो चुका था। करीब एक माह पूर्व इस मामले में पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान भी किया था।

घटना के समय मृतका के सास-ससुर खेत में काम करने गए थे। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *