रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर अष्टमी तिथि के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मानस नगर काशी दक्षिण की ओर से 25 कन्याओं का भव्य कन्या पूजन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम दीनदयाल उपवन, दीनदयाल नगर, कबीर नगर दुर्गाकुंड क्षेत्र में गुरुवार प्रातः श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ।

कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से कन्याओं का पूजन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्वयंसेवकों ने कन्याओं के चरण पखारकर उन्हें देवी स्वरूप मानते हुए उनका सम्मान किया। इसके उपरांत सभी कन्याओं को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया तथा उन्हें वस्त्र, उपहार और प्रसाद भेंट किए गए।

इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, आस्था और उत्साह से परिपूर्ण रहा। आयोजकों ने बताया कि नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व होता है, क्योंकि भारतीय परंपरा में कन्याओं को देवी का स्वरूप माना जाता है और उनके सम्मान से समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं संस्कारों का संचार होता है।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में नारी सम्मान, सेवा भावना और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है, ताकि नई पीढ़ी में भी परंपराओं और संस्कारों के प्रति जागरूकता बनी रहे। कार्यक्रम का समापन कन्याओं को आशीर्वाद और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *