रिपोर्ट – पवन मिश्रा
Ghazipur News : गाजीपुर में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर को लेकर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर रिफिल कराने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे कई जगह लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालात यह हैं कि लोगों को बुकिंग के बाद भी सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है।
उपभोक्ता संजय मिश्रा का कहना है कि कई उपभोक्ताओं ने एक सप्ताह पहले ही सिलेंडर की बुकिंग करा दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। सिलेंडर की प्रतीक्षा में लोग गैस एजेंसियों के बाहर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी मशक्कत और मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
एलपीजी सिलेंडर न मिलने से कई परिवारों के सामने रोजमर्रा के खाना बनाने की समस्या भी खड़ी हो गई है। इस स्थिति के कारण उपभोक्ताओं के बीच गैस एजेंसियों के प्रबंधकों और संचालकों के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
हालांकि प्रशासन की ओर से एलपीजी की किसी भी प्रकार की कमी से इनकार किया जा रहा है। जिला आपूर्ति विभाग का कहना है कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और वितरण की व्यवस्था भी सुचारू रूप से चल रही है।
जिला आपूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे एलपीजी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
