रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। होली पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कैंट स्टेशन के सामने खड़ी वितरण वाहन संख्या UP62BT5808 की जांच की गई, जो कि Modern Agro and Food Product Private Limited से संबंधित बताई गई।
निरक्षण के दौरान वाहन में विक्रय हेतु भंडारित क्रीम चार प्लास्टिक डिब्बों में रखी पाई गई। डिब्बों पर आवश्यक लेबलिंग संबंधी जानकारी अंकित नहीं थी। गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर मैनेजर गुरप्रीत सिंह की उपस्थिति में क्रीम का नमूना संग्रहित किया गया। कुल 198 किलोग्राम क्रीम, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 80,000 रुपये बताई गई, को जब्त कर लिया गया।
इसी वाहन से फुल क्रीम दूध (ब्रांड “मॉडर्न फ्रेश”) का भी नमूना जांच हेतु लिया गया। खाद्य कारोबारकर्ता को निर्देशित किया गया कि खाद्य पदार्थों का भंडारण केवल फूड ग्रेड प्लास्टिक डिब्बों में ही करें तथा पैकेजिंग पर निर्धारित लेबलिंग मानकों का पालन सुनिश्चित करें।
गंगापुर में 30 किलो खराब पापड़ नष्ट
अभियान के तहत गंगापुर क्षेत्र में गुरुचरण गुप्ता की दुकान का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 30 किलोग्राम आलू पापड़ खराब अवस्था में पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप उक्त पापड़ को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
नष्ट किए गए माल की अनुमानित कीमत लगभग 6,000 रुपये आंकी गई है।
टीम ने दी चेतावनी
निरीक्षण टीम में जगदीश नारायण सिंह, पंकज यादव एवं राजेश शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी एवं मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
