वाराणसी। सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल्स की बनारस पड़ाव शाखा में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अग्निशमन अभ्यास (फायर मॉक ड्रिल) जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सजग, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुरक्षा विशेषज्ञों एवं विद्यालय प्रशासन की उपस्थिति में हुआ। विशेषज्ञों ने आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर नगर की फायर यूनिट टीम के साथ मुन्नी सिंह (एफएसएसओ, मुगलसराय) एवं सुरेश कुमार (आईएफएम, मुगलसराय) को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
अग्निशमन अभ्यास के दौरान आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों को अग्निशामक यंत्रों के प्रकार एवं उनके प्रयोग की विधि समझाई गई। साथ ही प्राथमिक उपचार से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए गए। स्ट्रेचर एवं एम्बुलेंस जैसे उपकरणों के उपयोग का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे आपात स्थिति में घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया समझाई जा सके।
प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को स्वयं अग्निशामक यंत्र चलाने का व्यावहारिक अवसर भी प्रदान किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उपकरणों का प्रयोग किया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का विकास हुआ।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के सुरक्षा अभ्यास समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थी केवल शैक्षणिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि जीवन कौशल के स्तर पर भी सक्षम बन सकें।
प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा जागरूकता केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण कौशल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय समझदारी और साहस के साथ कार्य करे।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, कार्यकारी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, निदेशिका पूजा बजाज, बोर्ड मेंबर आशीष सक्सेना, प्राचार्य बिनोद कुमार दास, प्रशासनिक प्रमुख अमित श्रीवास्तव, इवेंट मैनेजर तरन दीप सिंह बग्गा, वरिष्ठ विभाग संयोजिका राशि जैन सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।विद्यालय परिवार ने इस पहल को विद्यार्थियों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
