वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर वाराणसी में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के कार्यकर्ताओं ने मौलाना अब्दुला सलीम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लंका स्थित BHU सिंहद्वार पर मार्च निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान दर्जनों की संख्या में लोग रविदास गेट से लेकर BHU सिंहद्वार तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे और मौलाना के खिलाफ प्रदर्शन किया।

 हिंदू परम्परा का मजाक उड़ाया

हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि रमजान के मौके पर बिहार के मौलाना अब्दुला सलीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसे लिखकर भी बताया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि मौलाना ने गाय को मां मानने वाली हिंदू परंपरा का भी मजाक उड़ाया। राजेश कुमार ने कहा कि हमारे देश में मां का दर्जा सबसे ऊंचा होता है और मां का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान राजेश कुमार ने दिल्ली में होली के दिन एक बच्ची को जलाने की घटना का जिक्र करते हुए दिल्ली सरकार से भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोपियों के खिलाफ सरकार को बुलडोजर जैसी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

मौलाना को कड़ी सजा देने की मांग

महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की जाती है कि मौलाना को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि मां-बहनों का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। साथ ही दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई, ताकि भविष्य में कोई ऐसी गलती दोबारा न करे।

मां पर टिप्पणी करना बेहद निंदनीय 

 हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष राजेश पांडे ने भी मौलाना के बयान की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को बोलने की मर्यादा का ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी की मां पर टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है और समाज में ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *