रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के आयुर्विज्ञान संस्थान (आईएमएस) के पीएचडी स्कॉलर छात्र हिमांशु शर्मा का लैपटॉप सहित बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर स्थित बिरला ग्राउंड के पास की बताई जा रही है। छात्र की शिकायत पर लंका थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीएचडी स्कॉलर हिमांशु शर्मा किसी कार्य से बिरला ग्राउंड के पास गए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उनका बैग चोरी कर लिया। जब छात्र ने कुछ देर बाद अपना बैग तलाशा तो वह वहां से गायब मिला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि चोरी गए बैग में एक लैपटॉप, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, बीएचयू का पहचान पत्र (आईडी) और हेल्थ कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। विशेष रूप से लैपटॉप में छात्र के शोध (रिसर्च) से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा भी सुरक्षित था, जिसके चोरी हो जाने से छात्र को शैक्षणिक नुकसान होने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलने के बाद लंका थाना पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि छात्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
