मऊ के महलीपुर गांव के रहने वाले दुर्गेश यादव ने उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत में हासिल की शिक्षा, BHU में कर रहे हैं इंटर्नशिप
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के संगीत एवं मंच कला संकाय के गायन विभाग के छात्र दुर्गेश यादव का टीवी के लोकप्रिय गायन रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा 2026’ के लिए चयन हुआ है। दुर्गेश के चयन से बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय में खुशी का माहौल है। संकाय के शिक्षकों और सदस्यों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के महलीपुर गांव निवासी दुर्गेश यादव, श्री इंद्रजीत यादव और श्रीमती कौशिल्या देवी के पुत्र हैं। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से वर्ष 2020 से 2023 तक बीपीए (गायन-उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत) की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2023 से 2025 तक एमपीए (गायन-उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत) की पढ़ाई पूरी की।

वर्तमान में दुर्गेश यादव बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन इंटर्नशिप कर रहे हैं। संगीत के क्षेत्र में उनकी रुचि और प्रशिक्षण ने उन्हें गायन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
दुर्गेश यादव ने पं. गिरजा शंकर त्रिपाठी के मार्गदर्शन में उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। बीएचयू में शिक्षा के दौरान उन्होंने शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को सीखा और गायन के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारा।
दुर्गेश के ‘सा रे गा मा पा 2026’ में चयन पर संगीत एवं मंच कला संकाय की संकाय प्रमुख एवं गायन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता पंडित ने उन्हें बधाई दी। इसके अलावा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन इंटर्नशिप के समन्वयक प्रो. राम शंकर, प्रो. ज्ञानेश चंद्र पांडेय सहित अन्य संकाय सदस्यों ने भी दुर्गेश यादव को शुभकामनाएं दीं।

संकाय के शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि दुर्गेश यादव अपनी संगीत प्रतिभा के माध्यम से बीएचयू और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। उनके चयन को विश्वविद्यालय में संगीत के विद्यार्थियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

‘सा रे गा मा पा 2026’ का प्रसारण ज़ी टीवी पर 19 सितंबर 2026 से शुरू हो चुका है। देशभर से प्रतिभागी इस लोकप्रिय गायन रियलिटी शो में अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी मंच पर बीएचयू के छात्र दुर्गेश यादव भी अपनी गायन प्रतिभा प्रस्तुत करेंगे।
