रिपोर्ट : आर. के. गुप्ता
वारानसी : मिर्ज़ामुरद थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की शिकार हुई एक छात्रा को पुलिस की सक्रियता से बड़ी राहत मिली है। गुरुवार को मिर्जामुराद थाने के साइबर क्राइम हेल्प डेस्क की तत्परता से छात्रा के खाते में ठगी गई रुपया का बड़ा हिस्सा वापस कराने में सफलता मिली है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि ठठरा गांव निवासी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा तनु रानी मौर्या के साथ 13 नवंबर 2025 को साइबर ठगी की घटना हुई थी। ठगों ने लिंक भेजकर फॉर्म भरवाने के बहाने छात्रा से बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ली, जिसके बाद उसके खाते से 85 हजार रुपये निकाल लिए गए।
घटना के तुरंत बाद छात्रा ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल के एसआई अविनाश कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस बैंक खाते को होल्ड करा दिया, जिसमें ठगी की रुपया ट्रांसफर हुई थी।
लगातार प्रयास और संबंधित बैंक से समन्वय के बाद करीब चार महीने में रत्नाकर बैंक लिमिटेड के माध्यम से 72,152 रुपये 55 पैसे की राशि छात्रा को वापस दिलाई गई।
एसआई अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि शेष राशि दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है, जिसकी जानकारी संबंधित बैंक को भेज दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही बाकी राशि भी वापस मिल जाएगी। पैसा वापस मिलने पर छात्रा ने वाराणसी पुलिस की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
