रिपोर्ट -पवन आजाद
वाराणसी। श्रीराम भक्तों के आराध्य भगवान श्री हनुमान जी की जयंती इस वर्ष काशी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस पावन अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा भव्य शोभायात्रा, भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ एवं प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक रामबली मौर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि हनुमान जयंती के अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, युवा एवं महिलाएं शामिल होंगी। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता एवं भगवान हनुमान की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ भक्तजन जयकारे लगाते हुए नगर भ्रमण करेंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया जाएगा। यह यात्रा भिखारीपुर से प्रारम्भ होकर सुन्दरपुर, नरिया, लंका गेट, रविदास गेट होते हुए प्रसिद्ध संकट मोचन दरबार पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, फलाहार एवं प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार, हनुमान जयंती के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। सुबह से ही मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग से सहयोग लिया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अंत में संयोजक रामबली मौर्या ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश फैलाएं।
