रिपोर्ट – पवन आजाद

वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में आज भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। चौखंबा स्थित गोपाल मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, जयकारों और धार्मिक धुनों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

वहीं दूसरी ओर बुलानाला चौराहे से जैन समाज द्वारा भी एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में सुसज्जित रथ, आकर्षक झांकियां और बैंड-बाजे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह का प्रदर्शन करते नजर आए।

दोनों शोभायात्राओं के दौरान मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। साथ ही शीतल जल और जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

इन भव्य आयोजनों ने एक बार फिर काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *