फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा लंका थाना परिसर, श्रीकृष्ण के दरबार में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने की पूजा-अर्चना

वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को लंका थाना परिसर भक्तिमय नजर आया। पुलिसकर्मियों की ओर से थाना परिसर में जन्माष्टमी का विशेष आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक प्रतिमा को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और सुंदर वस्त्रों से सजाया गया। देर शाम तक पुलिसकर्मियों के साथ आसपास के श्रद्धालुओं का भी थाने में पहुंचना जारी रहा।

थाना परिसर में बनाए गए श्रीकृष्ण के दरबार को फूलों और इलेक्ट्रॉनिक लाइटों से भव्य रूप दिया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी के बीच सजे कृष्ण दरबार की छटा देखते ही बन रही थी। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

भगवान को अर्पित किया प्रसाद

जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को लड्डू, केला, सेव समेत विभिन्न प्रकार के फल और प्रसाद अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में शीश नवाया। थाना परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के लिए विशेष झूला भी सजाया गया था। पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ कान्हा को झूला झुलाया और जन्माष्टमी की खुशियां मनाईं।

लंका थाना

आयोजन के दौरान लंका थाना अध्यक्ष राजकुमार शर्मा श्रद्धालुओं और अतिथियों का स्वागत करते नजर आए। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। थाना परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

ड्यूटी के साथ भक्ति में नजर आईं महिला पुलिसकर्मी

जन्माष्टमी समारोह में महिला पुलिसकर्मियों की भी खास भागीदारी रही। महिला पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करती नजर आईं। उन्होंने भगवान के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और झूला झुलाया। ड्यूटी की जिम्मेदारी निभाने के साथ पुलिसकर्मियों ने धार्मिक आयोजन में हिस्सा लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

पुलिस और आमजन के बीच दिखा आत्मीय जुड़ाव

थाना परिसर में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम में आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। लोगों ने पुलिसकर्मियों की ओर से किए गए आयोजन की सराहना की। उनका कहना था कि पुलिसकर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से पुलिसकर्मियों और आमजन के बीच आपसी जुड़ाव और आत्मीयता बढ़ती है।

लंका थाना

देर शाम तक गूंजते रहे कृष्ण के जयकारे

जन्माष्टमी के मौके पर देर शाम तक लंका थाना परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। फूलों से सजे दरबार और रोशनी से जगमगाते परिसर के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर श्रद्धा और उल्लास के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया। पूरे आयोजन के दौरान लंका थाना परिसर का माहौल भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *