3 बजे भोर में घर के बाहर सो रहे लोगों पर पत्थर से हमला, रवि चौहान ने मौके पर तोड़ा दम;आदमपुर थाना पुलिस ने शुरू की जांच
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार भोर करीब 3 बजे 3 लोगों पर हुए जानलेवा हमले से सनसनी फैल गई। घर के बाहर सो रहे तीन लोगों पर अज्ञात हमलावर ने पत्थर से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से रवि चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अशोक पासी उर्फ बाबा और गणेशु कनौजिया घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मंडली अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि हनुमान फाटक क्षेत्र में पप्पू विश्वकर्मा, अशोक पासी उर्फ बाबा और गणेशु कनौजिया रात में अपने घर के बाहर सो रहे थे। शनिवार भोर करीब तीन बजे किसी व्यक्ति ने तीनों पर अचानक हमला कर दिया। हमलावर ने पत्थर से उनके सिर पर वार किया। हमले के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तब तक पप्पू विश्वकर्मा की हालत गंभीर हो चुकी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
साड़ी के पत्ता खोजने का करते थे काम
मृतक पप्पू विश्वकर्मा हनुमान फाटक क्षेत्र में रहते थे और साड़ी के पत्ता खोजने का काम करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अशोक पासी उर्फ बाबा पान बेचने का काम करते हैं। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। गणेशु कनौजिया को भी चोट लगी है। दोनों घायलों को उपचार के लिए मंडली अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिस समय वारदात हुई, उस समय इलाके में अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक हुए हमले से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

तीन लोगों पर हमले और एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिलते ही आदमपुर थाने की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। एडीसीपी वैभव बांगर भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के साथ ही मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस की ओर से वारदात में इस्तेमाल किए गए पत्थर सहित अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह और चोटों की स्थिति को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल तीनों लोगों पर हमला किए जाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हमलावर ने अकेले वारदात को अंजाम दिया या उसके साथ कोई और भी शामिल था, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हमलावर तक पहुंचा जा सके।
भोर के समय घर के बाहर सो रहे लोगों पर हुए हमले के बाद हनुमान फाटक इलाके में दहशत का माहौल है। एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने की घटना से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द हमलावर की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौके से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर हमलावर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ ही वारदात के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
