बरेका और वाराणसी नगर निगम के बीच वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन को लेकर सेवा समझौता, लीगेसी वेस्ट का होगा निस्तारण
जीरो-लैंडफिल लक्ष्य की दिशा में बड़ा कदम, पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर करेंगे कार्य
रिपोर्ट: गोपी गुप्ता
क्रेडिट: राजेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, बरेका, वाराणसी
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) और वाराणसी नगर निगम (वीएनएन) ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुरूप बरेका टाउनशिप में वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल कचरा प्रबंधन लागू करने के लिए दो महत्वपूर्ण सेवा समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल का उद्देश्य वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना तथा प्रतिदिन निकलने वाले ठोस अपशिष्ट का व्यवस्थित संग्रहण, परिवहन और प्रसंस्करण सुनिश्चित करना है।
समझौता कार्यक्रम बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत और वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बरेका की ओर से उप मुख्य इंजीनियर साकेत तथा वाराणसी नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने सेवा समझौता प्रपत्रों का आदान-प्रदान किया।
पहले समझौते के तहत वाराणसी नगर निगम बरेका के डंप साइट पर वर्षों से संचित लीगेसी वेस्ट का बायो-रेमेडिएशन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और सुरक्षित निस्तारण करेगा। इससे पुराने कचरे के कारण होने वाले पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी।

दूसरे सेवा समझौते की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत बरेका टाउनशिप से प्रतिदिन निकलने वाले नगरपालिका ठोस अपशिष्ट का संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जाएगा। बरेका निर्धारित डस्टबिनों में कचरे का संग्रह करेगा, जबकि वाराणसी नगर निगम तय मासिक सेवा शुल्क पर उसके परिवहन एवं प्रसंस्करण की जिम्मेदारी निभाएगा।
अधिकारियों के अनुसार यह पहल जीरो-लैंडफिल (Zero-Landfill) लक्ष्य को प्राप्त करने, पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने और स्वच्छ, हरित एवं सतत वाराणसी के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। दोनों संस्थानों ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक सागर सहित बरेका एवं वाराणसी नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस समझौते से न केवल बरेका परिसर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी, बल्कि शहर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
