वाराणसी। पूर्वांचल की पृष्ठभूमि पर आधारित चर्चित क्राइम ड्रामा वेब सीरीज़ ‘रक्तांचल सीज़न 3‘ की रिलीज़ से पहले शो के प्रमुख कलाकार निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा वाराणसी पहुंचे। शूटिंग और प्रमोशनल व्यस्तताओं के बीच दोनों कलाकारों ने काशी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को करीब से महसूस किया। बनारस की गलियों में घूमने से लेकर गंगा आरती में शामिल होने और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने तक, उनकी यह यात्रा प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गई।

रक्तांचल सीज़न 3 की रिलीज़ से पहले वाराणसी पहुंचे अभिनेता निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा। 

कलाकारों ने अपनी वाराणसी यात्रा की शुरुआत गोदौलिया स्थित प्रसिद्ध शंकर चाय वाला से की। यहां उन्होंने बनारसी कुल्हड़ चाय का स्वाद लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। चाय की चुस्कियों के बीच दोनों कलाकार पूरी तरह बनारसी रंग में रंगे नजर आए। वहां मौजूद प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और आगामी सीज़न के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

इसके बाद दोनों कलाकार नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा तट की स्वच्छता, आधुनिक सुविधाओं और शांत वातावरण का आनंद लिया। घाट पर कुछ समय बिताने के बाद उन्होंने गंगा में नौका विहार किया। नौका विहार के दौरान उन्होंने काशी के ऐतिहासिक घाटों, मंदिरों और गंगा के अद्भुत दृश्य का आनंद लिया। कलाकारों ने कहा कि वाराणसी का आध्यात्मिक वातावरण और गंगा का किनारा हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है।

शाम के समय निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा दशाश्वमेध घाट पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भाग लिया। मंत्रोच्चार, शंखध्वनि, दीपों की रोशनी और भक्तिमय माहौल ने दोनों कलाकारों को काफी प्रभावित किया। उन्होंने इस अनुभव को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा को शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है।

वाराणसी प्रवास के दौरान दोनों कलाकारों ने यहां के प्रसिद्ध बाटी-चोखा का भी स्वाद लिया। उन्होंने शहर के चर्चित बाटी-चोखा रेस्तरां में पारंपरिक भोजन का आनंद लिया और इसके बाद बनारसी पान का स्वाद लेकर अपनी यात्रा को यादगार बनाया। कलाकारों ने कहा कि बनारस सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि संस्कृति, इतिहास, आध्यात्मिकता और स्वाद का अद्भुत संगम है।

कलाकारों की इस यात्रा के दौरान जहां-जहां वे पहुंचे, वहां प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली और ‘रक्तांचल सीज़न 3’ को लेकर अपनी उत्सुकता भी जाहिर की। दोनों कलाकारों ने भी प्रशंसकों के स्नेह के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि पूर्वांचल के लोगों का प्यार हमेशा उन्हें विशेष महसूस कराता है।

गौरतलब है कि ‘रक्तांचल सीज़न 3’ का निर्देशन ऋतम श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसकी कहानी सिद्धार्थ मिश्रा ने लिखी है। सीरीज़ का निर्माण जार मोशन पिक्चर्स द्वारा किया गया है। इस नए सीज़न में क्रांति प्रकाश झा, निकितिन धीर, करण पटेल, माही गिल, राजेश कुमार और विक्रम कोचर अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

पूर्वांचल की राजनीतिक और अपराध जगत की पृष्ठभूमि पर आधारित यह नया सीज़न बदले, सत्ता की महत्वाकांक्षा, बदलती वफादारियों और विश्वासघात की कहानी को पहले से अधिक रोमांचक अंदाज में प्रस्तुत करेगा। निर्माताओं को उम्मीद है कि पहले दो सीज़न की तरह तीसरे सीज़न को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा।

‘रक्तांचल सीज़न 3’ का प्रीमियर 16 जुलाई से MX Player by Prime Video पर मुफ्त स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगा। रिलीज़ से पहले कलाकारों का यह बनारस दौरा न केवल शो के प्रचार का हिस्सा बना, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य की खूबसूरत झलक भी देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने में सफल रहा।

काशी की गलियों और घाटों में दिखे ‘रक्तांचल सीज़न 3’ के सितारे। निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा ने गंगा आरती, नौका विहार, बनारसी चाय, बाटी-चोखा और पान का आनंद लिया। 16 जुलाई से ‘रक्तांचल सीज़न 3’ MX Player by Prime Video पर मुफ्त स्ट्रीम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *