वाराणसी। देश के प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी मंगलवार को धार्मिक यात्रा पर वाराणसी पहुंचे। काशी आगमन के दौरान उन्होंने बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद अनंत अंबानी ने माँ अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर माता के चरणों में शीश नवाया। मंदिर के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 21 ब्राह्मण अर्चकों द्वारा उनका विशेष कुमकुम पूजन संपन्न कराया गया। पूजन के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। अनंत अंबानी ने श्रद्धा भाव से माँ भगवती की पूजा-अर्चना की और उन्हें पुष्पमाला अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।

पूजन के उपरांत उन्होंने मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज से भेंट कर मंदिर और संस्था द्वारा संचालित धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। महंत शंकरपुरी महाराज ने उन्हें संस्था की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों, धार्मिक आयोजनों और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इन कार्यों की जानकारी सुनकर अनंत अंबानी ने प्रसन्नता व्यक्त की और सेवा गतिविधियों की सराहना की।

इस अवसर पर महंत शंकरपुरी महाराज ने अनंत अंबानी को प्रसाद स्वरूप माँ अन्नपूर्णा की पावन चुनरी, स्फटिक माला तथा माता का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। काशी प्रवास के दौरान अनंत अंबानी का सादगीपूर्ण व्यवहार और गहरा धार्मिक भाव श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा। कार्यक्रम में प्रदीप श्रीवास्तव सहित मंदिर परिवार के सदस्य और अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *