वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा की शुरुआत की गई है। सिगरा थाना क्षेत्र स्थित कैंट रेलवे जंक्शन के सामने नव निर्मित पुलिस सहायता केंद्र (पुलिस बूथ) का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने फीता काटकर किया।

बताया जा रहा है कि कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। जनसुविधाओं और सुरक्षा संबंधी शिकायतों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इस क्षेत्र में स्थायी पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया। इसी क्रम में सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा की पहल पर इस पुलिस बूथ का निर्माण कराया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, व्यापारी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में काशी व्यापार मंडल कैंट के अध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल का भव्य स्वागत किया तथा इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस सहायता केंद्र शुरू होने से यात्रियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय लोगों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति, शिकायत अथवा मार्गदर्शन के लिए लोगों को अब सीधे इस केंद्र से मदद मिलेगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस सहायता केंद्र खुलने से यात्रियों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *