नगर निगम के 15 दिवसीय विशेष सफाई अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और A-PAG की टीम ने चलाया जनजागरूकता कार्यक्रम, कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को किया प्रेरित।
वाराणसी। नगर निगम के 15 दिवसीय विशेष सफाई अभियान के तहत सोमवार को दुर्गाकुण्ड वार्ड में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग, एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप (A-PAG) और सेक्टर प्रभारियों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का भ्रमण कर दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था से जुड़ने और नियमित रूप से कचरा निर्धारित वाहन को देने के लिए प्रेरित किया। जिन व्यापारियों ने अभी तक नगर निगम में पंजीकरण नहीं कराया था, उन्हें पर्ची कटवाकर व्यवस्था का लाभ लेने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने क्षेत्र में मौजूद गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (GVP) का निरीक्षण कर लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि खुले में कचरा फेंकने से गंदगी के साथ-साथ वायु प्रदूषण और विभिन्न बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है।
अभियान में सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा, जोनल स्वच्छता अधिकारी, सुपरवाइजर तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं A-PAG की ओर से टीम लीडर प्रदीप कुमार, टेक्निकल सर्वेयर रामेंद्र पाण्डे और राजकुमार गुप्ता ने नागरिकों को स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में जानकारी दी।
आईईसी टीम की सदस्य शागिना परवीन ने लोगों से स्वच्छ शहर निर्माण में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने से ही वाराणसी को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि विशेष सफाई एवं जागरूकता अभियान आगामी दिनों में शहर के अन्य वार्डों में भी जारी रहेगा, ताकि लोगों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति अधिक जागरूक बनाया जा सके।
