वाराणसी । चितईपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनरल स्टोर की आड़ में चल रहे गांजा बिक्री के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से करीब डेढ़ किलो गांजा बरामद किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि सुंदरपुर स्थित आदित्य नगर इलाके में एक जनरल स्टोर से लंबे समय से अवैध रूप से गांजा बेचा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी ने तत्काल चितईपुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध दुकान की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान दुकान से करीब 100 पुड़िया गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन लगभग 1.5 किलोग्राम बताया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से दुकान संचालक अजीत कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि वह मूल रूप से बलिया जनपद का रहने वाला है। पुलिस उससे गांजा सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

चितईपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *