वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के चेतमणि चौराहे पर चाय और मक्खन लेने गए दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लालपुर-सोयेपुर निवासी प्रफुल यादव ने भेलूपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनका भतीजा बीएचयू के बाल रोग विभाग में भर्ती है। सोमवार को वह भतीजे के पिता सुभाष चंद्र के साथ अस्पताल से चेतमणि चौराहे पर चाय और मक्खन लेने गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ युवक सिगरेट पी रहे थे।
आरोप है कि बिना किसी वजह के युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों ने लात-घूंसों से मारपीट की और हाथ में पहने कड़े से वार किया, जिससे दोनों घायल हो गए। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित पक्ष भेलूपुर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आकाश कुमार, आर्यन सिंह, चिराग सिंह समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
