रिपोर्ट – पवन मिश्रा
गाजीपुर। सैदपुर नगर में एक ज्वेलर्स कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर लाखों की वसूली और करोड़ों की ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 10 के सभासद गणपत वर्मा के भाई दीपांशु सोनी, जो ‘अंकित ज्वेलर्स’ के नाम से दुकान चलाते हैं, को एक सुनियोजित साजिश के तहत जाल में फंसाया गया।
फोन कॉल से शुरू हुआ जाल
मामले की शुरुआत 11 मार्च को एक फोन कॉल से हुई, जब खुद को ग्राहक बताने वाली युवती ने सोने के जेवर खरीदने की बात कही। धीरे-धीरे बातचीत व्हाट्सएप पर पहुंची और 23-24 मार्च को लगातार संपर्क बना रहा। 27 मार्च को युवती ने दीपांशु को नंदगंज स्थित अपने घर बुलाया, जहां रात करीब 9 बजे वह चेन लेकर पहुंचे।
नशीली चाय और छिपे कैमरे
घर पहुंचते ही युवती ने उन्हें चाय दी, जिसे पीते ही उन्हें चक्कर आने लगे। इसी दौरान युवती ने जबरन अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और तभी कमरे में छिपे उसके साथी बाहर निकल आए। पूरे घटनाक्रम को पहले से लगाए गए कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया गया।
वीडियो दिखाकर 25 लाख की मांग
आरोपियों ने वीडियो दिखाकर 25 लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर धमकाया गया। दबाव में आकर पीड़ित से पहले 90 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए और बाद में घर जाकर करीब 4.80 लाख रुपये नकद भी वसूल लिए गए।
धमकियों का सिलसिला जारी
घटना के बाद भी आरोपी लगातार फोन कर बाकी 20 लाख रुपये की मांग करते रहे, जिससे पीड़ित लगातार दहशत में रहा।
डीआईजी से शिकायत, पुलिस हरकत में
आखिरकार पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर डीआईजी वैभव कृष्ण से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी दी। सबूत के तौर पर कॉल रिकॉर्डिंग, चैट और लेनदेन के दस्तावेज भी सौंपे गए।
चार के खिलाफ केस, गिरफ्तारी की कोशिश तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए नंदगंज थाना पुलिस ने युवती समेत तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अतुल मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि हनीट्रैप और साइबर ब्लैकमेलिंग के मामलों में डरने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
