रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। अपना घर आश्रम, वाराणसी में रविवार, 5 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पीएनजी गैस से संचालित कुकिंग सिस्टम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नई व्यवस्था का उद्घाटन गेल (गैस प्राधिकरण) के कार्यकारी निदेशक श्री एच.के. गर्ग एवं महाप्रबंधक श्री सुशील कुमार के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर आश्रम परिवार एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण सिलेंडर गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के चलते आश्रम की प्रबंध समिति द्वारा एक आपात बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में इस समस्या से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने का निर्णय लिया गया और पूरे प्रकरण को जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गेल के उच्च अधिकारियों को आश्रम तक पीएनजी गैस लाइन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निर्देश के अनुपालन में गेल के अधिकारियों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मात्र 20 दिनों के भीतर आश्रम परिसर तक पीएनजी गैस की पाइपलाइन बिछाकर एक उल्लेखनीय कार्य संपन्न किया। इसके परिणामस्वरूप अब अपना घर आश्रम में लगभग 1400 प्रभुजनों के लिए भोजन बनाने का कार्य पीएनजी गैस से नियमित रूप से प्रारंभ हो गया है, जिससे भोजन व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुचारु और किफायती हो सकेगी।
आश्रम परिवार ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए जिलाधिकारी एवं गेल परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जनहित के कार्य करना उनकी जिम्मेदारी है, किंतु अपना घर आश्रम जैसे सेवा कार्य से जुड़कर जो आत्मसंतोष प्राप्त होता है, वह अवर्णनीय है। उन्होंने आश्रम के संस्थापक डॉ. के. निरंजन, संस्थापिका डॉ. कात्यायनी एवं उनकी टीम द्वारा मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ. के. निरंजन, संस्थापिका डॉ. कात्यायनी, अध्यक्ष ओ.एन. उपाध्याय, सचिव राकेश सिंह, उप सचिव रवि उपाध्याय, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पूजा श्रीवास्तव, निर्मल चौधरी, अरविंद अग्रवाल, विश्वनाथ भट्ट, विनोद द्विवेदी सहित आश्रम के सभी सदस्य एवं प्रभुजन उपस्थित रहे। साथ ही मुख्यालय भरतपुर से जी.के. गुप्ता भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. के. निरंजन ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि इतने कम समय में गेल कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाकर जो कार्य किया गया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने सभी सहयोगियों, विशेष रूप से पाइपलाइन प्रभारी नवाजिका अली अंसारी एवं उनकी टीम तथा प्रवीन कुमार गौतम के विशेष सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
