रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ी तालाब स्थित एक मदरसे में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यक्रम के दौरान अचानक लिफ्ट अनियंत्रित होकर तीन मंजिल नीचे जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बताया जाता है कि रेवड़ी तालाब स्थित मदरसे के कम्युनिटी हॉल में मंगलवार की रात एक कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान लोगों का लिफ्ट से लगातार आवागमन हो रहा था। इसी बीच दो युवक कार्यक्रम से उठकर नीचे जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीचे जाते समय अचानक लिफ्ट ने कमांड खो दी और तेज रफ्तार से नीचे की ओर गिर गई। तेज धमाके की आवाज सुनते ही हॉल में मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत लिफ्ट के पास पहुंचकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में आसिफ आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी हसनैन रज़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने जांच के बाद दूसरे युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद पंचनामा भरकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और शव से लिपटकर रोते-बिलखते नजर आए, जिससे माहौल काफी भावुक हो गया।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि लिफ्ट गिरने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर लिफ्ट के रखरखाव और तकनीकी स्थिति की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं—लिफ्ट की सर्विसिंग, सुरक्षा मानकों और संचालन व्यवस्था—की जांच की जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
