रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। फर्जी आर्मी अफसर बनकर युवाओं को सेना समेत विभिन्न विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) वाराणसी यूनिट और भेलूपुर थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

पकड़ा गया आरोपी धर्मेंद्र कुमार पांडेय है, जिसने अब तक कई युवाओं को सेना, रेलवे और शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गांव का रहने वाला है और वर्तमान में वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बृज एंक्लेव कॉलोनी में रह रहा था।

ऐसे करता था ठगी

जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को सेना में कमांडिंग अफसर बताकर लोगों को अपने झांसे में लेता था। वह सेना, रेलवे और शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग लोगों से मोटी रकम वसूलता था। किसी से 5 लाख रुपये, तो किसी से 10 लाख रुपये तक की ठगी की गई, जबकि कई अन्य लोगों से भी 1 से 2 लाख रुपये ऐंठे गए।

सेना के इनपुट पर हुई कार्रवाई

इस पूरे मामले में सेना से मिले इनपुट के आधार पर एसटीएफ सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे भेलूपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस ठगी में उसके साथ कोई अन्य सहयोगी शामिल था या नहीं। साथ ही, अन्य पीड़ितों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई फर्जी दस्तावेज और सामग्री बरामद की है, जिनमें

2 मोबाइल फोन

मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस के 2 फर्जी आईडी कार्ड

3 पैन कार्ड

3 आधार कार्ड

2 ड्राइविंग लाइसेंस

3 डेबिट कार्ड

2 अंक पत्र

1 शैक्षिक प्रमाण पत्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *