रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। 30 मार्च,प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी की एक नाबालिग बेटी के साथ कानपुर में हुई जघन्य घटना के विरोध में आज वाराणसी में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। जिला एवं महानगर महिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम (माल) को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों को तत्काल फांसी की सजा देने और प्रदेश में महिला सुरक्षा के लिए ठोस कानून लागू करने की पुरजोर मांग की।

सत्ता संरक्षण में अपराधियों को बचाने का आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा यादव और महानगर अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि काशी की बेटी के साथ कानपुर में हुई दरिंदगी मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में सत्ता पक्ष से जुड़े लोग और स्थानीय विधायक के करीबी शामिल हैं, जिन्हें बचाने के लिए प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को त्वरित न्याय नहीं मिला, तो महिला कांग्रेस बड़े जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।

प्रदेश में कानून का राज समाप्त: राघवेंद्र चौबे

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में ‘जीरो टॉलरेंस’ और ‘महिला सुरक्षा’ के दावे केवल कागजी रह गए हैं। जमीनी हकीकत यह है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़िता के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

ज्ञापन में की गई मुख्य मांगें:

महिला कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी गई हैं:

फांसी की सजा: कानपुर कांड के सभी आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए तत्काल फांसी दी जाए।

आर्थिक सहायता: पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद और 24 घंटे सुरक्षा मुहैया कराई जाए।

सरकारी नौकरी: पीड़िता के सुरक्षित भविष्य के लिए उसे सरकारी नौकरी दी जाए।

प्रभावी सुरक्षा नीति: प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा कानून लागू हो।

ये रहे उपस्थित

विरोध प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा, अशोक सिंह, रेनू चौधरी, हसन मेहदी कब्बन, दिलीप सोनकर, सारिका श्रीवास्तव, किरण देवी, मोनी, आनंद सिंह, राजेश कुमार मौर्य, चंदन पाण्डेय, कमलेश यादव, कृष्णकांत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भवदीय,

जिला / महानगर महिला कांग्रेस कमेटी, वाराणसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *