रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीता कुंअर पब्लिक स्कूल परिसर में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह ‘आरोहण समारोह 2026’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश कुमार राय, उप प्रबंधक प्रवीण राय तथा प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया।
प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने अपने स्वागत उद्बोधन में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय की विगत उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कृति और अनुशासन समाज की मजबूत नींव हैं और हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना उसका अधिकार है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की मानसिक स्थिति को समझते हुए उन्हें भावनात्मक सहयोग प्रदान करें, जिससे वे अपने जीवन के लक्ष्य तक आसानी से पहुंच सकें।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा शैक्षणिक, खेल एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
मोस्ट प्रोमाइजिंग न्यू इंटरेस्ट, बेस्ट कैलीग्राफी, आर्ट एंड क्राफ्ट, संगीत, नृत्य और ग्रुप स्टूडेंट सहित विभिन्न श्रेणियों में तेजस, प्रियांशी, सार्थक, भव्य, हिमांशु, वैष्णवी, अनुष्का, आस्था, लक्ष्य, सृष्टि और संवि को सम्मानित किया गया।
बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन का पुरस्कार शुभांशु और वंशिका को प्रदान किया गया।
बेस्ट योगा का पुरस्कार सुमन को तथा बेस्ट इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का पुरस्कार वंशिका यादव को मिला।
वहीं अंश यादव और भौमिक को बेस्ट साइंस एंड मैथ्स रिजल्ट के लिए सम्मानित किया गया।
कक्षावार मेधावी विद्यार्थियों को भी मिला पुरस्कार
वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
नर्सरी से कक्षा 5 तक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में देव, आरव, शानवी, रितिका, अनूदित, श्रेयांशी, परियां और एंजेल शामिल रहे।
कक्षा 3 से 5 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने का गौरव परी विश्वकर्मा को मिला।
कक्षा 6 से 9 के विद्यार्थियों में कृष्ण, प्रिया, सुमन सिंह, वंशिका यादव और नैना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पीहू, साक्षी, तरंग, आराध्या, वंशिका और शगुन को द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।
छात्रवृत्ति और पुरस्कार भी किए गए प्रदान
विद्यालय की ओर से दिए जाने वाले ‘ठाकुर प्रसाद मेमोरियल स्कॉलरशिप’ के विजेता आशुतोष शुक्ला, अक्षत मौर्य और भावेश सिंह रहे। इसके अलावा विद्यालय के चारों सदनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिव्यांशी, कृति, आस्था और अर्पिता को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नाटक और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और प्रतिभा ने समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि राजेश कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने सभी बच्चों को भविष्य में अनुशासित, संघर्षशील और जिम्मेदार नागरिक बनने का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ समन्वयक असीम कुमार घोषाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन शिक्षिकाओं शिवांगी शुक्ला और अंजू सिंह ने किया। समारोह की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
