रिपोर्ट – गोपी गुप्ता
वाराणसी। सरायनंदन स्थित प्राचीन चौरा माता मंदिर परिसर में श्री नवयुवक धर्मशाला के तत्वावधान में नवरात्रि के पावन अवसर पर अष्टमी के दिन भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान चौरा देवी और बरैचावीर बाबा मंदिर में वार्षिक श्रृंगार पूजा, हवन एवं कन्या पूजन विधि-विधान से संपन्न हुआ।
प्राचीन चौरा माता मंदिर में सैकड़ों वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत अष्टमी तिथि पर माता का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भक्तों ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक आयोजनों का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए और पूरे परिसर में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी परंपरा को निभाते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों का भरपूर सहयोग रहा।
