रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। रवींद्रपुरी स्थित गोपी राधा प्राइमरी स्कूल एवं बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में गुरुवार को वासंतिक नवरात्र की अष्टमी तिथि के पावन अवसर पर 108 गौरी स्वरूपा कन्याओं का श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ पूजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा एलकेजी से कक्षा पांच तक की छात्राओं को देवी स्वरूप मानकर उनका विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में धार्मिक आस्था और भक्ति का वातावरण बना रहा।

इस पावन अवसर पर मुख्य सानिध्य प्रख्यात ज्योतिर्विद एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय का रहा। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार शाह एवं निदेशिका डॉ. शालिनी शाह के साथ मिलकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं का पूजन किया तथा नवरात्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान सभी कन्याओं के चरण पखारे गए, उनका पारंपरिक श्रृंगार किया गया तथा उन्हें फल, मिठाई, प्रसाद एवं दक्षिणा भेंट स्वरूप प्रदान की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने भी कन्याओं की आरती उतारकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कन्याओं का पूजन करने वाले सभी श्रद्धालु अत्यंत हर्षित एवं भावुक दिखाई दिए।

इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा माता दुर्गा की स्तुति में भक्ति गीत एवं भजन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कन्याएं प्रसन्न और उत्साह से भरी नजर आईं।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्या नीति जायसवाल, उप निदेशिका स्मृति साह, सहायक निदेशिका सलोनी शाह, उप प्रबंधक डॉ. अभिनव भट्ट, विद्यालय समन्वयक रत्नेश गोविंद सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने कन्याओं का मंगल तिलक कर मौली बांधी और उनका सम्मान किया।

कन्या पूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक सम्मानित गणमान्य अतिथि, समाजसेवी एवं अभिभावकगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *