रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। शहर के रवींद्रपुरी क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार को पेट्रोल लेने वालों की लंबी कतारें और भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने वाहनों के साथ पेट्रोल भरवाने पहुंचे, जिससे पंप परिसर में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। हालांकि पेट्रोल की कीमतों में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं हुई है और न ही आधिकारिक तौर पर किसी कमी की सूचना है, इसके बावजूद लोग पैनिक होकर अधिक मात्रा में पेट्रोल भरवाते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल पंप पर तीन मशीनों से लगातार पेट्रोल भरा जा रहा था, फिर भी वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। कई लोग अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने के साथ अतिरिक्त पेट्रोल भी भरवाते दिखाई दिए।

पेट्रोल पंप संचालक ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पंप पर पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को सामान्य रूप से पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल भरवाएं।
पंप पर मौजूद एक ग्राहक ने बताया कि उन्हें लगभग 7 से 8 मिनट में आसानी से पेट्रोल मिल गया और किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए, क्योंकि सभी को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं शिवपुरी निवासी मौसम नामक युवक ने बताया कि वह किसी कार्य से लंका क्षेत्र की ओर गए थे और वापस लौटते समय पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें पेट्रोल लेने में लगभग आधा घंटा का समय लग गया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल को लेकर लोगों में अनावश्यक चिंता देखी जा रही है, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर स्पष्ट जानकारी समय-समय पर सार्वजनिक की जाए, ताकि अफवाहों और घबराहट की स्थिति से बचा जा सके और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
