रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। चौबेपुर थाना अंतर्गत शाहपुर गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार लोडिंग ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोडिंग ऑटो तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और ऑटो सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और उसे गंभीर चोटें आईं।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को वाहन के अंदर से बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरपतपुर भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
सीएचसी नरपतपुर के प्रभारी चिकित्सक डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान अनंत कुमार सिंह, निवासी सोना तालाब, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
