रिपोर्ट: पवन मिश्रा
गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के रजागंज चौकी के पास गंगा नदी पर बने हमीद सेतु पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में समा गई। हादसे को अपनी आंखों के सामने होते देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रजागंज चौकी इंचार्ज और सुहवल थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर दो लोग सवार थे, जो हादसे के बाद से लापता हैं।
रजागंज चौकी इंचार्ज राजेश बहादुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों को बुलाया गया है और नदी में गिरे लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
