रिपोर्ट – पवन आजाद

वाराणसी। भेलूपुर थाना अंतर्गत नवाबगंज स्थित केसरवानी पार्क में लगे नगर निगम के ट्यूबवेल का संपूर्ण पैनल, उससे जुड़ी केबल व अन्य उपकरण चोरी हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही दुर्गाकुंड चौकी इंचार्ज, स्थानीय पार्षद और जलकल विभाग के जेई मौके पर पहुंचे। इस ट्यूबवेल से करीब 20 हजार की आबादी को पानी की आपूर्ति होती है। जलकल जेई के अनुसार भेलूपुर जोन में इस तरह की लगभग 10 घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे विभाग की चिंता बढ़ गई है।

जलापूर्ति ठप, लोगों में आक्रोश

चोरी की घटना के बाद नवाबगंज, दुर्गाकुंड वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। सुबह पानी न आने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घरों में पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी की किल्लत हो गई।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से शीघ्र व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की चोरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। क्षेत्रवासियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और पार्क परिसर व आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला सुनियोजित चोरी का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि पैनल और केबल निकालने के लिए तकनीकी जानकारी आवश्यक होती है।

पुलिस आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और कबाड़ी की दुकानों पर भी नजर रखी जा रही है। विभाग की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई है।

विभाग ने शुरू की वैकल्पिक व्यवस्था

जलकल विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नए पैनल की व्यवस्था कर जल्द से जल्द ट्यूबवेल को पुनः चालू किया जाएगा।

फिलहाल क्षेत्र में घटना को लेकर रोष व्याप्त है और लोग दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *