गाजीपुर : सैदपुर थाना क्षेत्र के जीयनचक गांव निवासी 14 वर्षीय अमर मोहन, जो कक्षा 8 का छात्र है, रविवार की दोपहर सैदपुर नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर घर लौट रहा था। इसी दौरान भीतरी मोड़ के पास पिकअप सवार अज्ञात लोगों ने उसे जबरन उठाकर अपहरण कर लिया।

काफी देर तक छात्र के घर न पहुंचने पर उसके पिता जंग बहादुर बिंद ने परिजनों के साथ उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने सैदपुर पुलिस को छात्र के लापता होने की सूचना दी और नात-रिश्तेदारों में खोजबीन शुरू कर दी।

सोमवार सुबह छात्र के चाचा निलेश के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को अमर मोहन बताया और कहा कि उसका अपहरण कर लिया गया है तथा उसके साथ चार और बच्चे भी बंधक बनाए गए हैं। यह कहते ही फोन कट गया। इसके बाद परिजनों को अपहरण की पुष्टि हो गई, जिस पर उन्होंने तत्काल सैदपुर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।

छात्र के फोन कॉल के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर जल्द ही छात्र की बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है। सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं और छात्र को जल्द ही सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *