काशी में पीएम मोदी ने वॉलीबॉल ‘महाकुंभ’ का किया वर्चुअल उद्घाटन, सीएम योगी रहे मौजूद
वाराणसी। काशी में खेलों के महाकुंभ का शुभारंभ हो गया है। सिगरा स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में 4 जनवरी को आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं स्टेडियम में उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं यूपी वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजेश पाठक, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि काशी के सांसद के रूप में सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। देशभर से आए खिलाड़ी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वॉलीबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि टीम भावना, संकल्प और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। जैसे टीम के हर खिलाड़ी की भूमिका होती है, वैसे ही देश के विकास में हर नागरिक की जिम्मेदारी होती है।
पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने खेलों में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। आज जेन-जी भारत का परचम दुनिया में लहरा रही है। सरकार ने खेल बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की है और खेलो इंडिया नीति 2025 के माध्यम से पारदर्शिता और मजबूत खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि काशी अब बड़े खेल और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में ग्राम स्तर तक खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिसका परिणाम है कि यूपी के खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीत रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 45 वर्षों के बाद यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता वाराणसी में आयोजित हो रही है। यह प्रतियोगिता 11 जनवरी तक सिगरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चलेगी। इसमें देशभर से 58 से अधिक पुरुष व महिला टीमें भाग ले रही हैं।
चैंपियनशिप में लगभग 1044 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 540 पुरुष और 504 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता में स्विट्जरलैंड से अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ के ऑब्जर्वर भी मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर साई (SAI) और उत्तर प्रदेश खेल विभाग के बीच सिगरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने हेतु एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए।
कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में पद्मश्री सम्मानित खिलाड़ी, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
