एचआईवी नियंत्रण में वाराणसी की बड़ी उपलब्धि, ‘सुरक्षित’ जिले का मिला दर्जा
Report – Pritam Singh
वाराणसी। एड्स (HIV)नियंत्रण के क्षेत्र में वाराणसी ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) की ओर से जारी रैंकिंग में वाराणसी को ‘सुरक्षित’ जिले का दर्जा मिला है। उत्तर प्रदेश के छह जिलों में वाराणसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि नियमित जांच, समयबद्ध उपचार, एआरटी सेवाओं से मरीजों को जोड़ने और वायरल लोड की निगरानी के प्रयासों का परिणाम है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय के अनुसार, एचआईवी नियंत्रण के लिए निर्धारित 95-95-95 के तीनों मानकों पर जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है। जनपद में 4105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड होना इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने कहा कि यह सफलता स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकों, कर्मचारियों और सामुदायिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। अधिकारियों ने भविष्य में भी एचआईवी की रोकथाम, जांच और उपचार से जुड़ी सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
