HIV नियंत्रण में राष्ट्रीय AIDS नियंत्रण संगठन की जारी रैंकिंग में प्रदेश के छह जिलों में वाराणसी अव्वल, 95-95-95 के तीनों मानकों पर हासिल की उपलब्धि

वाराणसी। HIV/AIDS नियंत्रण के क्षेत्र में वाराणसी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) की ओर से जारी रैंकिंग में वाराणसी को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। इसके साथ ही जिले को ‘सुरक्षित’ श्रेणी में शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश के कुल छह जिलों को इस रैंकिंग में जगह मिली है, जिसमें वाराणसी ने शीर्ष स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान बनाया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि जिले में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, समयबद्ध जांच और उपचार तथा मरीजों को एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) से जोड़ने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इसके साथ ही मरीजों के वायरल लोड की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित संस्थाओं के आपसी समन्वय ने भी इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की ओर से नामित अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता के मार्गदर्शन और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय के नेतृत्व में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में जुड़े अधिकारियों, चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, तकनीकी कर्मचारियों और सामुदायिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों से जिले को यह उपलब्धि मिली है।

अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने कहा कि ‘सुरक्षित’ जिले का दर्जा मिलना केवल रैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एचआईवी के प्रति जागरूकता, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और जरूरतमंद लोगों तक समय पर जांच, परामर्श एवं उपचार पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इसे वाराणसी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इसमें सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की ओर से एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति का आकलन 95-95-95 के तीन प्रमुख मानकों के आधार पर किया जाता है। इन मानकों के तहत एक मानक पूरा करने वाले जिले को ‘संघर्षशील’, दो मानक पूरा करने वाले जिले को ‘सक्षम’ और तीनों मानक हासिल करने वाले जिले को ‘सुरक्षित’ श्रेणी में रखा जाता है।

उन्होंने बताया कि पहले मानक के अनुसार अनुमानित एचआईवी संक्रमित आबादी के कम से कम 95 प्रतिशत लोगों को अपने एचआईवी स्टेटस की जानकारी होनी चाहिए। दूसरे मानक के तहत एचआईवी संक्रमित और अपनी स्थिति से परिचित लोगों में से कम से कम 95 प्रतिशत मरीजों को एआरटी उपचार से जोड़ना जरूरी है। वहीं तीसरे मानक के अनुसार उपचार करा रहे मरीजों में कम से कम 95 प्रतिशत का वायरल लोड सप्रेस्ड या अनडिटेक्टेबल होना चाहिए।

डॉ. पीयूष राय ने बताया कि नियमित समीक्षा, आंकड़ों की निगरानी और अधिकारियों के मार्गदर्शन में वाराणसी ने इन तीनों मानकों पर उल्लेखनीय प्रगति की है। जिले में 4105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड होना इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में ‘सक्षम’ घोषित होने वाला पहला जनपद भी वाराणसी ही था। अब ‘सुरक्षित’ श्रेणी में प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना जिले के लिए गौरव की बात है।

इस उपलब्धि पर सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, लैब एवं तकनीकी कर्मचारियों, सामुदायिक संगठनों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिले में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच, मरीजों को उपचार से जोड़ने और वायरल लोड को नियंत्रित रखने के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *