काशी तमिल संगमम 28 नवंबर से शुरू होगा काशी तमिल संगमम 5.0, बीएचयू की ओर से आयोजित की जा रहीं प्री-इवेंट गतिविधियां

वाराणसी। काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत को एक सूत्र में जोड़ने वाले काशी तमिल संगमम 5.0 की तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 नवंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन से पहले काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की ओर से विभिन्न प्री-इवेंट गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को अस्सी घाट पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों को खूबसूरती से प्रदर्शित किया। अलग-अलग विषयों पर बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने अस्सी घाट की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। घाट पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी विद्यार्थियों की कलाकृतियों को देखा और उनकी प्रतिभा की सराहना की। कई लोगों ने रंगोलियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

इस बार काशी तमिल संगमम 5.0 की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है। तिरुक्कुरल नैतिकता और सदाचार पर आधारित प्राचीन तमिल ग्रंथ है। इसकी रचना महान कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर ने की थी। इस ग्रंथ में जीवन के विभिन्न पहलुओं को तीन प्रमुख भागों अरम (धर्म), पोरुल (अर्थ) और इन्बम (काम) में विभाजित किया गया है, जो आगे चलकर वीडु (मोक्ष) का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

काशी तमिल संगमम के माध्यम से तिरुक्कुरल की शिक्षाओं और विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोग इसकी नैतिक और जीवनोपयोगी शिक्षाओं से परिचित हो सकें। इसी क्रम में बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर में संध्या भजन का भी आयोजन किया गया।

काशी तमिल संगमम के कोऑर्डिनेटर अंचल श्रीवास्तव ने बताया कि बीएचयू की ओर से आयोजित की जा रही प्री-इवेंट गतिविधियों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस आयोजन से जोड़ना है। रंगोली प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों और आमजन में संगमम के प्रति उत्साह बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य आयोजन से पहले इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *