वाराणसी एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रमुख घाटों और मार्गों का निरीक्षण, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज
वाराणसी। 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर वाराणसी पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने प्रमुख आयोजन स्थलों और आवागमन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट समेत कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दर्शकों के लिए निर्धारित क्षेत्रों, आने-जाने वाले मार्गों, पार्किंग स्थलों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई।

बताया गया कि एयर शो के दौरान सेना के विभिन्न प्रकार के विमान और एयरक्राफ्ट करीब 90 मिनट तक हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे। गंगा के दोनों तटों से एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। पुलिस ने करीब 30 लाख दर्शकों के संभावित जमावड़े को ध्यान में रखते हुए व्यापक क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
प्रवेश और निकास के लिए अलग व्यवस्था
पुलिस आयुक्त ने प्रमुख घाटों और दर्शक स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया और क्यू मैनेजमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी एक स्थान पर अत्यधिक भीड़ एकत्र न होने पाए। जरूरत पड़ने पर भीड़ को दूसरे मार्गों की ओर डायवर्ट करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।

ट्रैफिक और पार्किंग पर रहेगा विशेष ध्यान
एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के साथ वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। पुलिस ने पहले से ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार करने और इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
वैकल्पिक मार्गों को चिह्नित कर वहां यातायात पुलिस और पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। गंगा के दोनों ओर चिन्हित पार्किंग स्थलों का उपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा। मुख्य मार्गों और आपातकालीन रास्तों पर अनियंत्रित पार्किंग को रोकने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
घाटों और गंगा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
एयर शो के दौरान गंगा के दोनों तटों और घाटों पर भी बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
नदी क्षेत्र में सुरक्षा सीमा, बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा। अधिक भीड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ QRT और रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
महिला, बच्चे और बुजुर्गों की सुरक्षा पर जोर
पुलिस आयुक्त ने एयर शो देखने पहुंचने वाले महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख दर्शक स्थलों पर सहायता डेस्क, संकेतक और सहायता टीमों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल मदद मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त वाराणसी, जिलाधिकारी वाराणसी, जिलाधिकारी चंदौली समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही मॉक ड्रिल कराने और तैयारियों की लगातार समीक्षा कर कमियों को दूर करने पर भी जोर दिया गया।
