रोहनिया विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में 2027 के चुनाव की तैयारियों पर जोर, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान
वाराणसी। अपना दल कमेरावादी की ओर से रोहनिया विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन शुक्रवार को हरिहरपुर स्थित ओमकार लॉन में आयोजित किया गया। सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के सभी सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम से पहले मोहनसराय तिराहे से रोहनिया बाजार तक कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपना दल कमेरावादी की शीर्ष नेता एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं को तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर संगठन का पुनरीक्षण करें और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देते हुए संगठन को मजबूत बनाएं।

डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर ‘टेन यूथ’ की तर्ज पर मजबूत संगठन तैयार किया जाए। संगठन में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में बेहतर संगठन के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता सबसे महत्वपूर्ण होगी। इसके लिए गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करने और उनकी समस्याओं को समझने की जरूरत है।
उन्होंने शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय को प्रमुख मुद्दा बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। पल्लवी पटेल ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के सवाल पर वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनके अनुसार वंचित वर्ग के लोगों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार सबसे बड़ी चुनौती है और इस मुद्दे को लेकर युवाओं में नाराजगी है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी डॉ. पल्लवी पटेल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर किए गए दावों की वास्तविकता अब जनता के सामने आ चुकी है। उन्होंने सरकार पर विकास के नाम पर दिखावा करने का आरोप लगाया। कहा कि जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ होना चाहिए।
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल कमेरावादी जनता के जायज सवालों को लेकर लगातार सड़क से सदन तक संघर्ष करता रहा है। पार्टी मुद्दों के आधार पर राजनीति करती है और आगे भी जनता से जुड़े सवालों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं और लोगों की समस्याओं को संगठन के स्तर पर उठाएं।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा। बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार करने के साथ ही युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ काम करने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

सम्मेलन में प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, अभय पटेल, राजेश प्रधान, संजय पटेल, पंकज सेठ, योगीराज सिंह, उमेश चंद्र मौर्य, बलराम यादव, अनिता पटेल, रूबी देवी और शैलेन्द्र राजभर समेत कई कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे
कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता शमशेर बहादुर वर्मा ने की, जबकि संचालन दिलीप सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया गया।
