सावन के प्रथम सोमवार पर प्रशासन की मुस्तैदी, ड्रोन से रखी गई भीड़ पर नजर

काशी विश्वनाथ धाम समेत प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, अधिकारियों ने किया लगातार निरीक्षण

रिपोर्ट : गोपी गुप्ता 

वाराणसी। सावन माह के प्रथम सोमवार पर बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए काशी में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में पहुंचे शिवभक्तों को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। काशी विश्वनाथ धाम सहित शहर के प्रमुख शिव मंदिरों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। भीड़ की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों की भी मदद ली गई।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के द्वारा सुबह से ही विभिन्न प्रमुख स्थलों का लगातार निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई।

सावन

ड्रोन कैमरों के माध्यम से भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। संवेदनशील स्थानों और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों की लाइव मॉनिटरिंग कर अधिकारियों को काशी विश्वनाथ धाम के श्रद्धालु समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाती रही, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल और अन्य संसाधन तैनात  कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किया जा सके।

पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार श्रद्धालुओं को निर्धारित  मार्गों से आगे बढ़ने की अपील करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल, पीएसी तथा अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सहयोग बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।

वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन करते श्रद्धालु

सावन के प्रथम सोमवार पर काशी में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिरों में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन और पुलिस की सतर्कता तथा सुव्यवस्थित प्रबंधन के कारण दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन कराने का प्रयास सफलतापूर्वक जारी रहा।

श्रद्धालु

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *