वाराणसी। 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर परिसर में शुक्रवार को नवसृजित आधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट का लोकार्पण एवं नवनिर्मित ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी वाराणसी अनुभाग मनोज कुमार सोनकर द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खेल भावना, अनुशासन और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद डीआईजी ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त बास्केटबॉल कोर्ट का लोकार्पण किया।

लोकार्पण के उपरांत 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी और 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर की बास्केटबॉल टीमों के बीच मैत्री मैच का आयोजन किया गया। डीआईजी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और मैच का शुभारंभ कराया। रोमांचक मुकाबले में 34वीं वाहिनी पीएसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 46-14 के अंतर से जीत दर्ज की।
मैच समाप्त होने के बाद डीआईजी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को माल्यार्पण कर प्रशंसा-पत्र प्रदान किए तथा विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इसके पश्चात डीआईजी ने वाहिनी चिकित्सालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में उन्होंने वाहिनी मुख्य द्वार के सामने नवनिर्मित ट्रैफिक बूथ का फीता काटकर उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में उपसेनानायक प्रमोद कुमार यादव, सहायक सेनानायक राजेश कुमार, शिविरपाल कैलाश नाथ यादव, सूबेदार मेजर सुरेंद्र कुमार, प्रभारी सी/आर संजय सिंह, एसक्यूएम राम सिंह, आरटीसी प्रभारी गौरव त्रिपाठी सहित वाहिनी के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पीएसी अधिकारियों ने कहा कि ” खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।”
वाहिनी प्रशासन के अनुसार, इस आधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण से जवानों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में पीएसी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों की उपस्थिति रहेगी।
