वाराणसी। ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित पीएम सूर्य घर योजना के तहत उत्तर प्रदेश लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने योजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ बैठक की।

समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल इंस्टॉलेशन के मामले में उत्तर प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि लखनऊ देश का नंबर-1 शहर बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू की गई इस योजना के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है और अब बड़ी संख्या में घरों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली में भारत सरकार द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। विशेष रूप से नवीकरणीय ऊर्जा और पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश को सराहना मिली है।

ए.के. शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल योजना का विस्तार करना नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश को सोलर ऊर्जा उत्पादन और घरेलू सौर संयंत्र स्थापना के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में प्रदेश पीएम सूर्य घर योजना के तहत देश में प्रथम स्थान हासिल करेगा।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से न केवल लोगों के बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *