रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। विकासखंड सेवापुरी के खगरामपुर स्थित मॉडल इंग्लिश स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत समूह गीत, देशभक्ति नृत्य, लोकनृत्य, चुटकुले और लघु नाटिकाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। अभिभावक और ग्रामीणजन बच्चों की प्रतिभा देखकर भावविभोर हो उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
आर.के. जादूगर का जादू बना आकर्षण
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रहे R K जादूगर रमेश, जिन्होंने अपने हैरतअंगेज जादू के करतबों से बच्चों और उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके जादुई प्रदर्शन पर बच्चों की उत्सुकता और आनंद देखने लायक था।
प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह के दौरान शैक्षिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भूतपूर्व प्रधानाध्यापक भाई लाल विश्वकर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्रामप्रधान बनारसी चौहान, दिव्यांश टेलीकास्ट के प्रोपराइटर कमलेश कुमार, एनपीआरसी राजेश कुमार सिंह, एसएमसी अध्यक्ष आद्या प्रसाद, कोटेदार सुनीता, रोजगार सेविका रिंकू विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अवधेश कुमार विश्वकर्मा ने किया, जबकि समापन संबोधन प्रधानाध्यापक सतीश कुमार ने दिया। उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर शिक्षक सतीश मौर्य, अमृत मंडल, रोली श्रीवास्तव, मनोज सिंह, रचना सिंह, राजेश यादव सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
वार्षिकोत्सव समारोह ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि विद्यालय और गांव के बीच आपसी सहयोग और सामंजस्य को भी मजबूत किया।
