बनारस स्टेशन पर ‘रिड्यूस वेस्ट’ थीम पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण का दिया संदेश
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में ‘मिशन लाइफ’ पहल के तहत चलाए जा रहे ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ का शनिवार को समापन हुआ। इस अवसर पर बनारस स्टेशन पर ‘रिड्यूस वेस्ट’ (कचरा कम करें) थीम के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रेलकर्मियों को कचरे का सही तरीके से निस्तारण करने और अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर 1 से 7 नवंबर तक आयोजित इस अभियान का उद्देश्य कचरे की मात्रा कम करना, अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना है। साथ ही रेलवे परिसरों में स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अनुभव पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रेलकर्मियों को Waste Segregation at Source यानी कचरे को उसके स्रोत पर ही अलग-अलग श्रेणियों में बांटने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही Waste to Art के माध्यम से बेकार समझे जाने वाले सामान से उपयोगी और आकर्षक कलाकृतियां बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत केवल बनारस स्टेशन ही नहीं, बल्कि प्रयागराज रामबाग, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सीवान, भटनी और देवरिया समेत मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे कॉलोनियों और विभिन्न यूनिटों में भी रेलकर्मियों एवं अन्य लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।

इस दौरान RRR तकनीक यानी Reduce, Reuse और Recycle को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत लोगों को कचरे को कम करने, इस्तेमाल की जा सकने वाली वस्तुओं का दोबारा उपयोग करने और अपशिष्ट पदार्थों का पुनर्चक्रण करने के लिए जागरूक किया गया। रेलवे का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने की दिशा में एक पहल है।
