जौनपुर के कोचारी गांव का रहने वाला था किशोर, सुरेरी थाने में दर्ज थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावां गांव के पास सोमवार दोपहर बाद बसुही नदी में एक किशोर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। भद्रकाली मंदिर के बगल में नदी में शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान जौनपुर जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव निवासी आदर्श मिश्रा (14) पुत्र संजय मिश्रा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आदर्श एक दिन पहले अपने घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने जौनपुर के सुरेरी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को वाराणसी जिले के कपसेठी थाना क्षेत्र में बसुही नदी में उसका शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।

14 वर्षीय किशोर का शवसरावां गांव
बसुही नदी में मिले 14 वर्षीय आदर्श मिश्रा का शव

बताया गया कि आदर्श तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। किशोर की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। उसकी मां रूपम मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिजनों और ग्रामीणों में दुख व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलने के बाद वाराणसी जिले की कपसेठी पुलिस और जौनपुर जिले के सुरेरी थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *