रिपोर्ट – पवन मिश्रा
Ghazipur News: विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव के पैतृक गांव हथौड़ा पहुंचे. विशाल सिंह चंचल ने सूर्य कुमार यादव के दादा विक्रम यादव चाचा विनोद यादव से मुलाकात की। भारत की टी-20 विश्व कप जीत पर ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ खुशी साझा की और कहा कि सूर्य कुमार यादव ने अपने शानदार प्रदर्शन और नेतृत्व से पूरे देश के साथ-साथ गाजीपुर जिले का भी नाम रोशन किया है।
विधान परिषद सदस्य ने परिजनों से बातचीत में कहा कि गांव के बेटे ने विश्व क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य किया है। इस अवसर पर गांव के लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि सूर्य कुमार यादव की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी और आने वाले समय में इस क्षेत्र से और भी प्रतिभाएं देश का नाम रोशन करेंगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि सूर्य कुमार यादव के नाम से प्रवेश द्वार के लिए भी प्रस्ताव मांगा गया है एवं उनके क्षेत्र में जो भी समस्या हैं उनको हल करना प्रथम प्राथमिकता होगी इस दौरान वहां के लोगों ने विधान परिषद सदस्य से सड़क एवं बिजली की व्यवस्था को लेकर बात कही उन्होंने कहा कि यह मामला मेरे संज्ञान में है इसे जल्द से जल्द करा दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने सूर्य कुमार यादव की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। गांव में लगातार जश्न का माहौल बना हुआ है और लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मना रहे हैं।
